झारखंड पुलिस ने पीएलएफआई प्रमुख दिनेश गोप द्वारा तोरपा थाने के कोटेगर और गोहराम इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियारों और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पीएलएफआई के दो सक्रिय उग्रवादियों को भी गिरफ्तार किया।प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया(पीएलएफआई) से जुड़े 2 लोगों ललित खेरवार और शिवनारायण सिंह को गिरफ्तार किया गया है। बड़ी मात्रा में हथियार, कारतूस और हथियार बनाने का सामान बरामद हुआ है.बरामद चीजों में 4,720 जिंदा गोलियां, 35 डेटोनेटर, 6 पिस्टल मैगजीन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री शामिल हैं।मालूम हो कि हाल ही में एनआईए (NIA) और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के प्रमुख दिनेश गोप उर्फ कुलदीप यादव को नेपाल से गिरफ्तार किया गया है। दिनेश गोप पर झारखंड पुलिस ने ₹25 लाख का इनाम रखा था। जबकि एनआईए ने भी उस पर पांच लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था। दिनेश गोप को नेपाल से पहले दिल्ली और फिर रांची ले जाया गया। इसके बाद, उसे एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दिनेश गोप को आठ दिनों के लिए एनआईए की रिमांड पर भेज दिया है।



