धनबाद के तोपचांची प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में आबुआ आवास योजना के तहत लाभुकों के चयन में गड़बड़ी की बात सामने आई है। बुधवार को तोपचांची प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सामने विभिन्न पंचायतों के मुखिया ने लाभुकों के साथ अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया। काफी संख्या में महिलायें भी मौजूद थीं। धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी फणीश्वर रजवार पर गंभीर आरोप लगाया। कहा कि बीडीओ की कार्यशैली की वजह से प्रखंड के सभी 28 पंचायतों में विकास कार्य बाधित है। लोक कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों की राय नहीं ली जाती।आरोप लगाया कि प्रखंड में अफसरशाही हावी है। लोगों ने आरोप लगाया कि आबुआ आवास योजना का लाभ वास्तविक लाभुकों को नहीं मिल रहा है। ग्राम पंचायत ने लाभुकों की जो सूची प्रखंड कार्यालय को सौंपी थी, उनका चयन नहीं किया गया। तांतरी पंचायत के मुखिया द्वारिका प्रसाद महतो ने कहा कि गरीबों से अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे। पावापुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र पांडेय ने कहा कि आबुआ आवास के लाभुकों की जो सूची जारी की गई है उसमें पक्के मकान वाले लोगों का नाम शामिल है। उन्होंने कहा कि हमें आगे जनता को जवाब भी देना होता है। कोरकट्टा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कपिल सिंह ने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी ने यदि आबुआ आवास योजना की गड़बड़ियों को खत्म नहीं किया तो हम यहीं आत्मदाह को मजबूर होंगे।धरना प्रदर्शन को समर्थन देने पहुंची जिप उपाध्यक्ष सरिता देवी ने कहा कि सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक लोगों को आबुआ आवास योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है।



