Jharkhand : 50-60 वर्ष आयुवर्ग की सभी महिलाओं समेत अनुसूचित जनजाति (ST) तथा अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के व्यक्तियों को मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना से आच्छादित करने हेतु सभी प्रखण्डों में 20-22 फरवरी तक तीन दिवसीय पंचायत स्तरीय शिविर का आयोजन जा रहा है। उप विकास आयुक्त के साथ जमशेदपुर सदर प्रखंड में आयोजित शिविर में शामिल होकर मंगलवार को डीसी ने जिले मे पंचायत स्तरीय शिविर का शुभारंभ किया। डीसी ने कहा जनसाधारण से अपील है कि आयोजित पंचायत स्तरीय कैम्प में बड़ी संख्या में शामिल होते हुए अपना आवेदन जमा करें। इस तीन दिवसीय पंचायत स्तरीय शिविर में ज्यादा से ज्यादा आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य है।
वहीं देवघर में मंगलवार को जिले के शत प्रतिशत सुयोग्य लाभुकों को मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 50 साल की महिला एवं एससी एसटी पुरुषों को वृद्धावस्था पेंशन से जोड़ने हेतु चिन्हित पंचायतों में विशेष शिविर का आयोजन मध्याह्न 12ः00 बजे से अपराह्न 4ः00 बजे तक आयोजित किया गया। साथ ही आज से दिनांक 22 फरवरी तक जिले के सभी पंचायतों में कैम्प का आयोजन किया जायेगा, ताकि शत प्रतिशत सुयोग्य लाभुको को मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना से जोड़ा जा सके। इसके अलावा जिले के पंचायतों में आयोजित विशेष शिविर के सफल संचालन को लेकर प्रखण्डवार नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है, ताकि ससमय कैम्प के माध्यम से कार्यों का निष्पादन किया जा सके।
गोड्डा जिले के सभी पंचायतों में शिविर लगाकर आवेदन की प्राप्ति, स्क्रीनिंग व स्वीकृति का कार्य प्रारंभ किया गया है। इसी क्रम में उक्त योजना के वृहत् प्रचार प्रसार हेतु आज समाहरणालय गोड्डा के प्रांगण में उप विकास आयुक्त, गोड्डा द्वारा हरी झंडी दिखाकर प्रचार रथ को रवाना किया गया।खूंटी जिलें के शत प्रतिशत सुयोग्य लाभुकों को मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 50 वर्ष की महिला,एससी-एसटी पुरुषों को वृद्धावस्था पेंशन से जोड़ने के लिए सभी पंचायतों में विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
मंगलवार को पश्चिमी सिंघभूम में 50-60 आयु वर्ग के सभी महिला व SC/ST वर्ग के पुरुष को आच्छादित करने हेतु झारखंड राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना अंतर्गत मंझारी प्रखंड के रोलाडीह पंचायत में आयोजित शिविर में शिरकत कर उपस्थित जनों को 20 से 22 फरवरी-24 तक आहुत शिविर से जुड़कर लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।झारखंड राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना अंतर्गत तांतनगर प्रखंड के तांतनगर पंचायत में 50-60 आयु वर्ग के महिलाओं व अ.जा/ज.जा वर्ग के पुरुषों को आच्छादित करने हेतु पंचायत सचिवालय में आयोजित पंचायतस्तरीय शिविर में भाग लेकर निष्पादित किए जा रहे कार्य का निरीक्षण किया गया।



