खूँटी:आज धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की पावन भूमि खूँटी (तोरपा) में अबुआ आवास योजना अंतर्गत कार्यक्रम में लाभुकों को स्वीकृति पत्र वितरण किया।सीएम ने कहा हमारी सरकार राज्य के लाखों जरुरतमंद लोगों को अबुआ आवास देने हेतु कटिबद्ध है।आज इस ऐतिहासिक अवसर पर सभी को अनेक-अनेक बधाई, शुभकामनाएँ और जोहार।यह पहला ऐसा ऐतिहासिक अवसर है जब झारखण्ड सरकार अपने दम पर, अपने राज्य के लोगों को सम्मानजनक जिंदगी जीने के लिए आवास देने जा रही है। खूंटी और सिमडेगा से कुल 75 हजार लाभुकों को अबुआ आवास योजना का लाभ मिलेगा। पहले चरण में आज खूंटी और सिमडेगा के अबुआ आवास योजना के 8 हजार लाभुकों को आवास हेतु स्वीकृति पत्र वितरण कर उनके खातों में सहायता राशि हस्तांतरित की जा रही है।झारखण्ड राज्य का हर एक कोना मैंने अपनी आंखों से देखा है। अपने राज्यवासियों की स्थिति और समस्याओं के बारे में मुझे जानकारी है।वैसे तो लोग इस राज्य को सोने की चिड़िया कहते हैं क्योंकि इस राज्य में अनेक प्रकार के खनिज संपदा हैं। उन लोगों को हमारे जमीन में छिपी हुई खनिज संपदा तो दिखाई देती है मगर उन्हें कभी भी यहां के गरीब गुरुबा लोग नहीं दिखाई देते।हमारे पूर्वजों और आदरणीय दिशोम गुरुजी के संघर्ष के बाद हमें यह राज्य मिला। हमें अपना राज्य तो मिला मगर 20 वर्षों तक यहां उन लोगों ने राज किया जो इस राज्य को अलग करने के घोर विरोधी थे। जो घोर विरोधी थे वो कैसे राज्य का भला सोच सकते थे? इसलिए 2019 में पूरी ताकत और आपके आशीर्वाद के साथ हमने सरकार बनायी और लोगों को हक़-अधिकार देना शुरू किया।



