जमशेदपुर : ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत 9 प्रखण्डों के 10 पंचायत एवं 2 नगर निकाय में आज शिविर आयोजित किये गए हैं। शिविर में लाभुकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ साथ अलग अलग विभागों के स्टॉल पर योजनाओं का लाभ देने सम्बंधी आवेदन लिए जा रहे। सभी शिविर में लाभुकों के बीच फलदार पौधों का भी वितरण सुनिश्चित किया जा रहा। ऑन द स्पॉट योजनाओं का लाभ मिलने से लाभुकों ने प्रसन्नता जाहिर की है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी सुयोग्य एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।बुजुर्गावस्था में पेंशन से वंचित बहरागोड़ा की प्रमिला गोप जी को ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत पंचायत स्तरीय शिविर में ऑन द स्पॉट पेंशन स्वीकृति दी गयी। चिंगड़ा पंचायत के पंचायत स्तरीय शिविर में हाथों हाथ सर्वजन पेंशन योजना की स्वीकृति मिलने पर बुजुर्ग ने राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री, झारखंड के प्रति त्वरित कार्रवाई और पंचायत स्तरीय शिविर को लेकर आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया।बहरागोड़ा प्रखंड के चिंगडा पंचायत में ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित पंचायत स्तरीय शिविर में बोलने में असमर्थ 25 वर्षीय दिव्यांग अंजली मार्डी का ऑन द स्पॉट दिव्यांग पेंशन स्वीकृत किया गया। अंजली मार्डी के भाई ने बहन के लिए पेंशन स्वीकृत होने पर ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि बिना दौड़ भाग किये अपने पंचायत में ही योजना का लाभ मिलने से काफी खुशी महसूस हुई, इसके लिए राज्य सरकार और माननीय मुख्यमंत्री जी का विशेष रूप से धन्यवाद।



