हाल ही में धनबाद में रेलवे ट्रैक के किनारे खंभे लगाने के दौरान करंट लगने से मारे गए पलामू निवासी दो मजदूरों के परिवार को आज राज्यपाल ने अनुग्रह राशि प्रदान की।राज्यपाल सी०पी० राधाकृष्णन ने पलामू के परिसदन में सुनीता कुमारी एवं उर्मिला देवी को अपने विवेकाधीन अनुदान मद से 1-1 लाख रू० का चेक एवं विधवा सम्मान पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया। सुनिता कुमारी को बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर आवास योजना का भी लाभ प्रदान किया गया।वहीँ पलामू डीसी अंजनेयुलु डोड्डे को राज्यपाल द्वारा निर्देशित किया गया कि वे दोनों परिवारों में से प्रत्येक के एक सदस्य को किसी भी संविदात्मक नौकरी में संलग्न करें जो उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप हो।इससे पहले गढ़वा में आज राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की पुण्यतिथि पर मेदिनीनगर स्टेशन रोड स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमा पर माल्यर्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित की। उन्होंने कहा स्वतंत्रता संग्राम के महानायक व झारखंड के वीर सपूत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।राष्ट्र के लिए उनका त्याग व बलिदान भावी पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। मौके पर राज्यपाल ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर परिसर में वृक्षारोपण किया.



