मुख्यमंत्री ने 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

0

15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा. इस दिन मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू भी आगमन करेंगी.इस सिलसिले में हो रही तैयारियों की मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने वरीय अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर समीक्षा की.मुख्यमंत्री ने वरीय अधिकारियों के साथ इस उच्चस्तरीय बैठक में समारोह के मिनट -टू -मिनट कार्यक्रम की जानकारी लेकर अहम निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां ससमय पूरी करने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में नई योजनाओं और पॉलिसी की लॉन्चिंग तथा उद्घाटन और शिलान्यास किए जाने वाले योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों के वितरण के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली।समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मौजूदगी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने समारोह में सारी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हो और कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सहूलियत का भी ध्यान रखने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री इस समारोह में सीएम सारथी योजना, गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना और एकलव्य स्किल स्कीम योजना का शुभारंभ करेंगे । वहीं, इंडस्ट्रियल पार्क एंड लॉजिस्टिक पॉलिसी- 2022, इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी- 2022 और झारखंड एथेनॉल प्रोडक्शन प्रमोशन पॉलिसी- 2022 को लांच करेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री लगभग पांच हज़ार करोड़ रुपए से ज्यादा की योजनाओं का उद्घाटन- शिलान्यास करेंगे: (1)समारोह में चार नई योजनाओं और तीन नई पॉलिसी की भी होगी लॉन्चिंग; (2)लाभुकों के बीच 2000 करोड़ रुपए से ज्यादा की परिसंपत्तियों का होगा वितरण; (3)समारोह में 1000 से ज्यादा नव चयनितों को दिया जाएगा नियुक्ति पत्र; (4)समारोह में झारखंड की कला संस्कृति, गीत संगीत और नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे;(5)मुख्यमंत्री इस मौके पर मुख्यमंत्री राहत योजना के पोर्टल की भी करेंगे लॉन्चिंग।

उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव श्री सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे, कार्मिक विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती वंदना डाडेल, सचिव श्री अमिताभ कौशल, सचिव श्री मनोज कुमार, एसयूडीए के निदेशक श्री अमित कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के निदेशक श्री राजीव लोचन बक्सी और रांची के उपायुक्त श्री राहुल सिन्हा मौजूद थे ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here