लालू यादव से जुड़े मामले को देख रहे जज कोरोना संक्रमित, सुनवाई टली

0

रांची. झारखंड में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों (Jharkhand Corona Cases) के बीच लालू प्रसाद से जुड़े चारा घोटाले (Fodder Scam) के एक मामले की सुनवाई कर रहे जज भी इस महामारी की चपेट में आ गए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चारा घोटाले से जुड़े सबसे बड़े मामले (आरसी 47ए/96) की सुनवाई कर रहे सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एसके शशि कोरोना संक्रमित पाए गये हैं. जज के कोरोना संक्रमित होने की वजह से सोमवार से मामले की सुनवाई तीन दिनों के लिए टल गई है. अब इस मामले में अदालत ने सुनवाई के लिए अगली तारीख छह जनवरी निर्धारित की है.

नए साल में दस दिनों के अवकाश के बाद तीन जनवरी यानी सोमवार को कोर्ट खुला था. कोर्ट खुलने से पहले ही चारा घोटाले के मामले की सुनवाई के लिए तारीख भी तीन जनवरी निर्धारित थी लेकिन जज के कोरोना संक्रमित होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी. मुकदमा का सामना कर रहे आरोपियों को अपने अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में उपस्थिति दर्ज करानी थी, लेकिन ऐन मौके पर इस केस की सुनवाई टालनी पड़ी.

रिपोर्ट्स के मुताबिक निर्धारित तारीख तक यदि मामले की सुनवाई करने वाले जज पूरी तरह से स्वस्थ्य हो जाते हैं तो आगे की सुनवाई जारी रहेगी. फिलहाल चारा घोटाले से जुड़े इस मामले में बहस अंतिम चरण में है और सिर्फ तीन आरोपियों की ओर से बहस की जानी है. इस मामले में बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद समेत 99 आरोपियों की ओर से बहस पूरी हो चुकी है और सुनवाई खत्म होने के बाद फैसले की तारीख निर्धारित की जाएगी. झारखंड के डोरंडा कोषागार से जुड़े 25 साल पुराने इस मामले में 139.35 करोड़ रुपये की अवैध निकासी की गई थी. इस मामले में लालू प्रसाद समेत 102 आरोपियों पर मुकदमा चलाया जा रहा है.

मालूम हो कि बीते 24 घंटे में झारखंड में कोरोना के 1057 नए मामले सामने आ चुके हैं. कोरोना की जद में रिम्स में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे छात्र भी आ गए हैं. यहां फर्स्ट ईयर के करीब 40 छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए. इसी बीच सोमवार से उनकी परीक्षा होनी थी. जिससे छात्र परेशान थे. संक्रमण के फैलाव को देखते हुए रिम्स एग्जामिनेशन कंट्रोल बोर्ड ने तत्काल परीक्षा को स्थगित कर दिया है. अब ऑनलाइन मोड में परीक्षा कराने की तैयारी की जा रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here