कप्तान विराट कोहली के नाबाद 90 रन की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने शनिवार को चेन्नई सुपरकिंग्स को 37 रन से हरा दिया। दुबई में खेले गए मैच में बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी। आरसीबी की इस जीत में विराट कोहली और क्रिस मॉरिस का प्रदर्शन सबसे दमदार रहा। कोहली ने बल्लेबाजी में नाबाद 90 रन बनाए। वहीं, क्रिस मॉरिस ने अपने पहले ही मैच में 3 विकेट ले लिए। वॉशिंगटन सुंदर ने दोनों ओपनर्स को आउट किया। चेन्नई की टीम 2010 के बाद पहली बार शुरुआती 7 में से 5 मैच हारी है। तब टीम चैंपियन बनी थी।चेन्नई की तरफ से अंबाती रायडू ने सर्वाधिक 42 और जगदीशन ने 33 रन का योगदान दिया। वहीं पहला मैच खेल रहे बैंगलोर के गेंदबाज क्रिस मॉरिस ने 19 रन देकर तीन विकेट लिए। वाशिंगटन सुंदर (2/16) का योगदान भी उल्लेखनीय रहा। विराट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और कप्तानी पारी खेलते हुए 52 गेंदों पर नाबाद 90 रनों में चार चौके और चार छक्के लगाए। उन्होंने शिवम दुबे के साथ पांचवें विकेट के लिए 34 गेंदों पर 76 रन की नॉटआउट पार्टनरशिप की। शिवम ने 14 गेंदों पर नाबाद 22 रन में दो चौके और एक छक्का लगाया। बैंगलोर ने आखिरी चार ओवरों में 66 रन जोड़े और टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंच गई। युवा ओपनर देवदत्त पडीक्कल ने 34 गेंदों पर 33 रन में दो चौके और एक छक्का लगाया। आरसीबी से मिले 170 रनों के लक्ष्य के जबाव में चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी टीम निर्धारित ओवरों में 132 रन ही बना सकी। टीम के लिए अंबाती रायुडू ने सबसे ज्यादा 40 गेंदों में 42 रनों की पारी खेली। इसके अलावा पहली बार खेल रहे एन जगदीशन ने 28 गेंदों पर 33 रन की पारी खेली। दोनों खिलाड़ियों के बीच तीसरे विकेट के लिए 64 की साझेदारी हुई। बैंगलोर की तरफ से तेज गेंदबाज क्रिस मौरिस ने 19 रन देकर तीन विकेट जबकि स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर ने 16 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। ranjana pandey



