बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर ने कोरोना से जंग जीत ली है। अभिनेता अर्जुन कपूर का कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है। अर्जुन ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर अपने प्रशंसकों के साथ अपने स्वास्थ्य अपडेट को साझा करने के लिए एक नोट लिखा है। उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह से ठीक होने के बाद बेहतर महसूस कर रहे हैं और काम पर वापस जाने के लिए उत्साहित हैं।
अर्जुन कपूर ने इंस्टाग्राम पर लिखा-‘हाय, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कोरोना वायरस टेस्ट नेगेटिव आया है। मैं अब पूरी रिकवरी के बाद अच्छा महसूस कर रहा हूं और काम पर लौटने के लिए उत्साहित हूं। आप सभी की शुभकामनाओं और पॉजिटिव एनर्जी के लिए शुक्रिया। यह वायरस सीरियस है, इसलिए मैं सभी से निवेदन करता हूं कि इसे सीरियसली लें। लोगों को समझना चाहिए कि कोरोना वायरस का प्रभाव बड़ों और बच्चों दोनों पर है, इसलिए प्लीज हर समय मास्क पहनें। बीएमसी आपके सपोर्ट और हेल्प के लिए शुक्रिया, उन सभी फ्रंटलाइन वर्कर्स को सलाम जो अपनी जान जोखिम में डालकर हमारी देख-रेख कर रहे हैं। हम आपके हमेशा कर्जदार रहेंगे।’
अर्जुन कपूर की पोस्ट पर उनके फैंस और कई सेलेब्रिटी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और उनके पोस्ट को लाइक किया है। अर्जुन कपूर ने 6 सितंबर को एक पोस्ट में कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी दी थी। अर्जुन कपूर ने इंस्टाग्राम पर लिखा था-‘आप सभी को सूचित करना मेरा कर्तव्य है कि मेरा कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। मैं अभी ठीक महसूस कर रहा हूं और मेरे शरीर में कोरोना के लक्षण नहीं दिख रहे हैं। मैंने डॉक्टरों और प्रशासन की सलाह पर खुद को आइसोलेट करके होम क्वारंटाइन कर लिया है। मैं आप सभी का समर्थन के लिए पहले ही शुक्रिया अदा करता हूं। मैं आप सभी को अपने सेहत की जानकारी देता रहूंगा। ऐसा वक्त पहले कभी नहीं आया था, असामान्य समय है। मुझे विश्वास है कि पूरी मानवता इस वायरस से लड़कर जंग जीतेगी। बहुत बहुत प्यार, अर्जुन।’
वर्कफ्रंट की बात करें तो अर्जुन ने पिछले महीने अगली फिल्म की शूटिंग शुरू की थी। इस फिल्म को काशवी नायर निर्देशित करेंगे। फिल्म का अभी टाइटल तय नहीं हुआ है। फिल्म को भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, मोनिशा आडवाणी, मधु भोजवानी, निखिल अडवाणी और जॉन अब्राहम संयुक्त रूप से प्रोड्यूस करेंगे। इस फिल्म में उनके साथ रकुल प्रीत सिंह हैं। अर्जुन कपूर फिल्म संदीप और पिंकी फरार में नजर आने वाले हैं। कोरोना की वजह से फिल्म की रिलीज डेट को टाल दिया है।ranjana pandey



