साउथ फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेस रागिनी द्विवेदी को ड्रग्स मामले में अदालत ने सोमवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। रागिनी उन पांच लोगों में शामिल हैं, जिन्हें पुलिस हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। अदालत ने इसके साथ ही अन्य अभिनेत्री संजना गलरानी, पार्टी आयोजित करने वाले वीरेन खन्ना और अन्य व्यक्ति बीके रविशंकर को दो दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम अतिरिक्त नगर मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (एसीएमएम) ने द्विवेदी, प्रशांत रंका, नाइजीरियाई नागरिक लुमा पीपर उर्फ सिमोन और नियाज अहमद को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा है। नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा कन्नड फिल्म के अभिनेता-अभिनेत्रियों एवं गायकों को मादक पदार्थ की आपूर्ति करने के आरोप में बेंगलुरु से हाल में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद बेंगलुरु पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बेंगलुरु पुलिस की सीसीबी ने एक बयान में कहा, ‘ड्रग्स केस में आरोपी वैभव जैन को गिरफ्तार कर लिया गया है।’ जैन नियमित तौर पर रेव पार्टी (ड्रग्स के सेवन वाली पार्टी) में जाने वाले व्यक्तियों में शामिल है और सीसीबी को इस व्यक्ति के ड्रग तस्कर होने का संदेह हैं।ranjana pandey



