रांची: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से राजधानी रांची में विशाल ‘संविधान रक्षा मार्च’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की विशेष मौजूदगी में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।मार्च की शुरुआत डोरंडा (पुराना हाईकोर्ट) स्थित संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का काफिला नारेबाजी करते हुए बिरसा चौक पहुंचा, जहां धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर मार्च का समापन किया गया। कांग्रेस का कहना है कि भारतीय संविधान हिंदुस्तान के करोड़ों लोगों की आवाज है और हमें हर कीमत पर इसकी रक्षा करनी होगी। प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए सजग रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ भी किया।इस मार्च में राज्य के विभिन्न जिलों से आए कांग्रेस पदाधिकारी, विधायक, पूर्व मंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।




