रांची/नई दिल्ली: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने हवाई टिकटों के आसमान छूते किराए पर गंभीर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक भावुक पत्र लिखा है। उन्होंने केंद्र सरकार से हवाई किराए पर नियंत्रण लगाने और आम जनता के हित में ठोस किराया नीति बनाने की मांग की है।डॉ. अंसारी ने पत्र में रांची से दिल्ली की यात्रा के दौरान सामने आए एक मार्मिक घटनाक्रम का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अचानक दिल्ली आने के लिए जब उन्होंने हवाई टिकट का किराया देखा तो वह लगभग 31 हजार रुपये था। इसी दौरान एयरपोर्ट पर उनकी नजर एक ऐसी महिला पर पड़ी, जो महंगे टिकट के कारण रो रही थी।मंत्री के मुताबिक, महिला के पति चंडीगढ़ में किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनकी हालत बेहद नाजुक थी। पति की अंतिम इच्छा थी कि वह एक बार अपनी पत्नी को देख सकें, लेकिन महंगे हवाई किराए के कारण महिला उनके पास जाने में असमर्थ थी।इस घटना से भावुक होकर डॉ. अंसारी ने अपनी ओर से मदद की और अन्य लोगों के सहयोग से महिला के टिकट की व्यवस्था करवाई, ताकि वह अपने पति से मिल सके।
प्रधानमंत्री से की चार प्रमुख मांगें
डॉ. इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री से नागरिक उड्डयन मंत्रालय को तत्काल निर्देश देने की अपील करते हुए चार मांगें रखीं:
- हवाई किराए की अधिकतम सीमा निर्धारित की जाए।
- एयरलाइंस कंपनियों की ओर से अचानक और मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने पर नियंत्रण लगाया जाए।
- आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और उनके परिजनों के लिए विशेष रियायती टिकट उपलब्ध कराए जाएं।
- हवाई किराया निर्धारण में पारदर्शिता लाई जाए और मनमानी करने वाली कंपनियों पर सख्त कार्रवाई हो।
‘राजनीति से ऊपर है इंसानियत’
अपने पत्र में स्वास्थ्य मंत्री ने लिखा कि वह कांग्रेस पार्टी के मंत्री हैं, लेकिन प्रधानमंत्री से यह अपील किसी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि के तौर पर नहीं, बल्कि एक इंसान और जनसेवक के रूप में कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन इंसानियत सबसे ऊपर होनी चाहिए। देश में लाखों ऐसे परिवार हैं, जिन्हें बीमारी, दुर्घटना या पारिवारिक आपातकाल में अचानक हवाई यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे समय में महंगे टिकट उनकी परेशानी को और बढ़ा देते हैं।डॉ. अंसारी ने भावुक अपील करते हुए लिखा कि किसी की जिंदगी का आखिरी मिलन एयरलाइंस कंपनियों के मुनाफे का सौदा नहीं बनना चाहिए।
आम जनता को राहत देने की अपील
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि इस पत्र को राजनीतिक नजरिये से नहीं, बल्कि उस महिला की बेबसी और उसके आंसुओं को महसूस करते हुए पढ़ा जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाते हुए आम जनता को राहत देने वाली प्रभावी नीति बनाएगी।डॉ. अंसारी की इस मांग ने हवाई किराए में पारदर्शिता, आपातकालीन यात्रा की सुविधा और आम आदमी की आर्थिक पहुंच जैसे महत्वपूर्ण सवालों को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है।




