रांची: छठ महापर्व का आयोजन सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय समय से सुनिश्चित किए जाएं।हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब (चुटिया) एवं पावर हाउस तालाब स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया गया।
घाटों पर तीन फीट की गहराई पर घेराबंदी करने का निर्देश
घाटों पर जलस्तर एवं पानी की गहराई को देखते हुए विशेष रूप से निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से पानी में तीन फीट की गहराई के बाद बैरिकेडिंग/घेराबंदी सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे न जा सकें। घाटों पर खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक चेतावनी संकेतक लगाने तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित क्षेत्र में ही अर्घ्य देने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
NDRF एवं SDRF की टीम रहेगी तैनात
अत्यंत सवेदनशील घाटों पर NDRF एवं SDRF की टीम की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त आवश्यकतानुसार गोताखोर, बचाव दल एवं अन्य आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। सभी समितियों को गोताखोरों के मोबाइल नंबर साझा करने के निर्देश दिए गए ताकि आपात स्थिति में ससमय सहायता मिल सके।
घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को किया जाएगा सुगम
घाटों तक पहुंचने वाले एप्रोच रोड को डस्ट भरकर समतल एवं सुगम बनाने का निर्देश दिया, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। साथ ही घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बिजली की सुरक्षित व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया। भीड़ नियंत्रण एवं सुचारु आवागमन के लिए आवश्यक प्रबंध करने तथा घाटों पर फिसलन वाले स्थानों को सुरक्षित बनाने पर भी जोर दिया गया।
नगर निगम क्षेत्र के बाहर स्थित घाटों पर भी सुनिश्चित होंगी आवश्यक व्यवस्थाएं
नगर निगम क्षेत्र के बाहर स्थित छठ घाटों पर भी सुरक्षा एवं सुविधाओं से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। सभी घाटों पर स्थानीय पूजा समितियों एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को समय पर पूरा किया जाए। घाटों पर प्रशासनिक एवं पुलिस बल की आवश्यक तैनाती, भीड़ प्रबंधन तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए समुचित तैयारी रखने का निर्देश भी दिया गया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न पूजा समितियों द्वारा चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात श्री राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर श्री पारस राणा, अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर श्री कुमार रजत, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री धनंजय, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अखिलेश सिंह, पथ निर्माण, विद्युत एवं नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी, समाजसेवी श्री आलोक दुबे, शांति समिति के सदस्य श्री जयसिंह यादव एवं श्री सागर कुमार, संबंधित वार्डो के वार्ड पार्षद, छठ तालाब समितियों के अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।




