रांची: झारखंड के कांग्रेस कोटे के मंत्री इरफान अंसारी के कथित बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बयान की कड़ी आलोचना करते हुए इसे देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताया है।प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि इरफान अंसारी ने कहा है कि भारत का हाल बांग्लादेश और नेपाल से भी बुरा होगा। साथ ही उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा कि 40 लाख छात्र राहुल गांधी के इशारे का इंतजार कर रहे हैं और उन्हें कोई सेना नहीं रोक पाएगी।भाजपा प्रवक्ता ने बांग्लादेश में वर्ष 2024 के दौरान हुई हिंसा और नेपाल में उत्पन्न राजनीतिक अराजकता का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह के बयान देश में अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश प्रतीत होते हैं।शाहदेव ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने नेहा बोरा और प्रशांत भूषण का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा।उन्होंने कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी ने अब तक इरफान अंसारी के कथित बयान से सार्वजनिक रूप से किनारा नहीं किया है। ऐसे में कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह इस बयान से सहमत है।




