Ranchi : आगामी दीपावली, काली पूजा छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आज उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से छठ महापर्व के साथ-साथ दीपावली और काली पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता तथा विसर्जन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में डीसी मंजुनाथ भजंत्री, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री आस्था शरण, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, नजारत उपसमाहर्त्ता डॉ. सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पाण्डेय सहित बिजली विभाग, नगर निगम, अग्निशमन एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
छठ महापर्व को लेकर विशेष एवं सख्त निर्देश
छठ महापर्व श्रद्धा और आस्था का पर्व है, इसलिए इसकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। संबंधित अधिकारियों को पूजा समितियों के साथ समन्वय कर पूर्व जांच सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
तालाब एवं छठ घाटों की व्यवस्था
- नगर निगम संबंधित तालाबों और छठ घाटों का पूर्व निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित पहुंच मार्ग और भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करे।
- आवश्यकतानुसार क्रेन की व्यवस्था भी की जाए।
- छठ घाटों पर NDRF और स्थानीय गोताखोर रखने के निर्देश दिए गए।
- छठ घाटों एवं तालाबों में बांस से बेरिकेटिंग करने के निर्देश दिए गए, ताकि छठव्रती सुरक्षित गहराई में अर्ध्य दे सकें।
- छठ पर्व के दौरान छठ घाटों में स्विमिंग पूरी तरह वर्जित रहेगा।
- छठ पर्व से पहले सभी छठ घाटों के पहुंच सड़कों की मरम्मत एवं सफाई करने के निर्देश दिए गए।
दीपावली एवं काली पूजा संबंधी निर्देश
यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, प्रतिबंधित/असुरक्षित पटाखों की बिक्री-उपयोग पर निगरानी रखने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के निर्देश दिए गए। रात्रि 10 बजे के बाद ध्वनि प्रदूषण न हो, इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
डीसी ने बताया कि पूजा समितियों को अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने तथा व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।सुरक्षा मानकों की अनदेखी, विद्युत सुरक्षा में लापरवाही, असुरक्षित पंडाल निर्माण या विसर्जन नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी सभी पूजा समितियों, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ छठ महापर्व सहित अन्य पर्व-त्यौहारों को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।




