मंत्री इरफान अंसारी: एक डॉक्टर की असली पहचान उसकी डिग्री से नहीं,बल्कि उसके सेवा भाव से है,पहले इंसान,फिर डॉक्टर-चिकित्सा का सबसे बड़ा धर्म

0

देवघर। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स), देवघर के द्वितीय दीक्षांत समारोह में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने नवदीक्षित डॉक्टरों और नर्सिंग विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मानवता की सेवा को चिकित्सा पेशे का सर्वोच्च धर्म बताया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी चिकित्सा शिक्षा और कौशल का उपयोग मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा उनके दर्द को समझने के लिए करें।समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, एम्स प्रबंधन, सांसदों, विधायकों और संस्थान की पूरी टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रतिनिधि के रूप में मंत्री इरफान अंसारी ने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लिया।

इस अवसर पर मंत्री ने नवदीक्षित डॉक्टरों को संबोधित करते हुए कहा कि डिग्री हासिल करने के बाद उनकी असली जिम्मेदारी शुरू होती है। अब उन्हें अपनी शिक्षा और चिकित्सा कौशल के माध्यम से मरीजों तक पहुंचना, उनकी समस्याओं को समझना और उन्हें बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा का पेशा केवल एक प्रोफेशन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का संकल्प है।मंत्री इरफान अंसारी ने कहा, “एक डॉक्टर की असली पहचान उसकी डिग्री से नहीं, बल्कि उसके सेवा भाव और बचाई गई जिंदगियों से होती है। पहले इंसान, फिर डॉक्टर—यही चिकित्सा का सबसे बड़ा धर्म है।” उन्होंने युवा चिकित्सकों से संवेदनशीलता, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।

दीक्षांत समारोह के दौरान मंत्री इरफान अंसारी ने दूसरी बैच के एमबीबीएस और नर्सिंग के उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के साथ फोटोशूट कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने इन तस्वीरों को जीवनभर याद रहने वाली यादगार बताते हुए कहा कि युवा डॉक्टरों और नर्सिंग विद्यार्थियों की उपलब्धियां झारखंड के बेहतर स्वास्थ्य भविष्य के प्रति नई उम्मीद जगाती हैं।उन्होंने सभी नवदीक्षित चिकित्सकों और नर्सिंग विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें पूरी निष्ठा के साथ मानवता की सेवा करने का संदेश दिया। समारोह ने चिकित्सा शिक्षा, जनसेवा और राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here