छात्रों के मुद्दों पर भाजपा का सरकार को अल्टीमेटम, 48 घंटे में मुकदमे वापस लेने की मांग

0
aditya sahu

रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक और छात्रों पर दर्ज मुकदमों को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को झारखंड सरकार के मुख्य सचिव से मुलाकात कर छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया।भाजपा नेताओं ने मांग की कि राज्य में हुई विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की अनुशंसा की जाए। साथ ही शांतिपूर्ण आंदोलन में शामिल छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने और परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार आयोग के अध्यक्ष के साथ-साथ दोषी सदस्यों पर भी समान कार्रवाई करने की मांग की गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में वर्षों से मेहनत कर रहे युवाओं के भविष्य के साथ परीक्षा धांधली, पेपर लीक और नौकरी के नाम पर भ्रष्टाचार के जरिए खिलवाड़ किया जा रहा है।साहू ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले एक हजार से अधिक छात्रों पर एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि उनके आरोप के अनुसार हिंसा करने वाले सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने इसे सरकार की दोहरी नीति करार देते हुए सवाल उठाया कि छात्रों के साथ ऐसा भेदभाव क्यों किया जा रहा है।

भाजपा ने सरकार के सामने प्रमुख रूप से चार मांगें रखी हैं। इनमें छात्रों पर दर्ज मुकदमों की वापसी, परीक्षा घोटालों की सीबीआई जांच की अनुशंसा, छात्रों के साथ कथित हिंसा में शामिल सत्ताधारी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई तथा परीक्षा में गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार आयोग के अध्यक्ष और सभी दोषी सदस्यों पर समान कार्रवाई शामिल है।भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में सरकार ने इन मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो पार्टी छात्रों के समर्थन में राज्यव्यापी आंदोलन करेगी। आदित्य साहू ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली सरकार को जवाब देना होगा और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता छात्रों के अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को तैयार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here