देवघर। ऐतिहासिक श्रावणी मेला-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित समापन पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने जिला प्रशासन समेत सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से इस बार श्रावणी मेला व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
मंत्री इरफान अंसारी ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग सहित मेला व्यवस्था में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र में प्रशासन की चौकसी, सतर्कता और बेहतर समन्वय का परिणाम रहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिली और उन्होंने सुरक्षित तरीके से बाबा बैद्यनाथ के दर्शन किए।
स्वास्थ्य मंत्री ने मेला ड्यूटी में तैनात डॉक्टरों, नर्सों, स्वास्थ्यकर्मियों, एंबुलेंस कर्मियों और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के योगदान की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों ने दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपना दायित्व निभाया।उन्होंने कांग्रेस, झामुमो के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, कंपनियों और संस्थाओं से जुड़े लोगों के योगदान की भी सराहना की। मंत्री ने कहा कि सेवा शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं की सेवा में सभी ने जिस भावना और समर्पण का परिचय दिया, वह सराहनीय है।इरफान अंसारी ने कहा कि श्रावणी मेला केवल प्रशासनिक व्यवस्था से सफल नहीं हुआ, बल्कि जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।उन्होंने सभी के मेहनत, सेवा और समर्पण के प्रति आभार जताते हुए कहा कि बाबा बैद्यनाथ सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।




