रांची, 14 जुलाई: झारखंड सरकार राज्य के नर्सिंग छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। राज्य के स्टेट नर्सिंग कॉलेजों और अमेरिका की प्रतिष्ठित Georgia State University के बीच जल्द ही एक समझौता (MoU) होने की तैयारी है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने जानकारी दी कि इस साझेदारी के तहत झारखंड के आदिवासी, मूलवासी एवं अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को अमेरिका में विश्वस्तरीय नर्सिंग शिक्षा, मेडिकल रिसर्च, स्किल डेवलपमेंट और एडवांस ट्रेनिंग का अवसर मिलेगा।
मंत्री ने बताया कि उन्होंने Georgia State University के Director, International Center for Public Policy, चार्ल्स आर. हैंकला (Charles R. Hankla) और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) योजना के माध्यम से प्रतिभाशाली छात्रों को अमेरिका भेजने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे आधुनिक स्वास्थ्य तकनीकों का प्रशिक्षण लेकर झारखंड लौटें और राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाएं।
इरफान अंसारी ने कहा कि यह केवल एक MoU नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, रोजगार के नए अवसर, आधुनिक चिकित्सा शिक्षा और वैश्विक पहचान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।मंत्री ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि झारखंड का हर प्रतिभाशाली बेटा-बेटी विश्वस्तरीय शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त कर राज्य और देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन करे।”




