रांची। झारखंड कैबिनेट ने रिम्स-2 परियोजना के लिए लगभग 4 हजार करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। कैबिनेट के इस फैसले को शुक्रवार सुबह अधिकांश अखबारों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया।इसी बीच स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रिम्स-2 से संबंधित प्रकाशित समाचारों की पेपर कटिंग साझा करते हुए कुछ पत्रकारों से सकारात्मक और जनहित से जुड़े कार्यों को भी प्रमुखता देने की अपील की है।
मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील क्षेत्र में दिन-रात की मेहनत, जनता के हित में लिए गए फैसले और धरातल पर दिखाई देने वाले सकारात्मक बदलाव भी सुर्खियां बनने चाहिए। उनका कहना है कि अच्छे कार्यों को उचित स्थान मिलने से काम करने वालों का मनोबल बढ़ता है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।डॉ. अंसारी ने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता का अर्थ केवल कमियों को उजागर करना नहीं, बल्कि अच्छाइयों और विकास कार्यों को भी समान महत्व देना है। उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और इसी भावना के साथ सकारात्मक पहलुओं को भी समाचारों में उचित स्थान मिलना चाहिए।




