हजारीबाग: बरही थाना क्षेत्र में करसो पुल के पास मंगलवार को ओकनी निवासी विक्की कुमार सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर मामले का खुलासा कर दिया. हत्यारा मृतक का अपना जीजा निकला.पुलिस के आधिकारिक खुलासे के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विक्रम कुमार (25 वर्ष) मृतक विक्की सोनी का सगा जीजा है। विक्रम की शादी विक्की की छोटी बहन से हुई थी और आपसी रंजिश व पारिवारिक विवाद के कारण दोनों के रिश्तों में कड़वाहट आ गई थी। हत्याकांड में शामिल दूसरा गिरफ्तार आरोपी दिलीप कुमार (25 वर्ष) है, जो विक्रम का दोस्त है। इन दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और इन पर पहले से चोरी, लूट, हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। मृतक विक्की सोनी बाबा केदारनाथ की यात्रा पर जा रहे थे। उन्होंने अपनी यात्रा और टिकटों की जानकारी फेसबुक पर साझा की थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने उनकी लाइव लोकेशन ट्रैक की।विक्की सोनी जब अपने दोस्त के साथ कार से कोडरमा स्टेशन जा रहे थे, तभी करसो पुल के पास उनकी कार का टायर पंचर हो गया। टायर बदलते समय घात लगाए आरोपियों ने विक्की की गर्दन में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।




