झारखंड में भीषण गर्मी पर हेमंत सरकार अलर्ट,सीएम ने DC SP को जारी किया निर्देश

0
cm hemant soren

रांची:सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए राज्य के सभी DC, SP, थाना प्रभारी, CO, BDO, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सभी सरकारी कार्यालयों को निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि भीषण गर्मी के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करे।मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, थाना प्रभारियों, अंचल अधिकारियों (CO), प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO), पंचायत प्रतिनिधियों तथा सभी सरकारी कार्यालयों को निर्देश दिया है कि कार्यालय परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर आम नागरिकों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, इन स्थानों पर स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित करने को कहा गया है, ताकि राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को आसानी से राहत मिल सके।

सीएम सोरेन ने विशेष रूप से जल संकट वाले क्षेत्रों पर ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि जहाँ भी पेयजल की समस्या उत्पन्न हो, वहाँ तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति कराई जाए। इसके अलावा खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत और अन्य वैकल्पिक जल व्यवस्था भी शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी गाँव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इसे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की “सामूहिक जिम्मेदारी” बताया।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि, भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करे।जनहित सर्वोपरि है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here