पलामू : सीएम हेमंत सोरेन ने पलामू जिले के रजवाडीह पंचायत स्थित बड़कागांव में पिछले 20-22 दिनों से बिजली ठप रहने की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।पलामू निवासी सन्नी शुक्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर मुख्यमंत्री को टैग करते हुए लिखा कि गांव में लगभग 150 परिवार भीषण गर्मी के बीच अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने मांग की कि जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाए। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पलामू के डीसी के साथ-साथ सभी जिलों के डीसी को निर्देश जारी कर दिया है. सीएम ने एक्स पर लिखा “@DC_Palamu तत्काल संज्ञान लें और सुनिश्चित करें कि मुझे इस तरह की समस्या कहीं और से सुनने को ना मिले। सारे जिलों के उपायुक्त भी संज्ञान लें कि उनके जिलों में ऐसी समस्या कहीं ना हो।”




