नई दिल्ली, 3 जून 2026: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट से जुड़े एक बहुमंजिला होटल भवन में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मृतकों और घायलों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा साझा किए गए वीडियो में देखा गया कि आग और धुएं से घिरे कई लोग अपनी जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों और बालकनियों से नीचे कूदने को मजबूर हो गए। स्थानीय लोगों ने नीचे गद्दे बिछाकर उनकी मदद की, जिससे कई लोगों की जान बच सकी।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भवन के निचले हिस्से में रेस्टोरेंट संचालित था, जबकि ऊपरी मंजिलों पर होटल/गेस्ट हाउस के कमरे थे। अधिकारियों का मानना है कि आग की शुरुआत रेस्टोरेंट क्षेत्र या बेसमेंट से हुई हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण की जांच जारी है।होटल में ठहरे लोगों में बड़ी संख्या में बांग्लादेश, नेपाल, भूटान सहित सार्क देशों के नागरिक थे, जो पास स्थित मैक्स हॉस्पिटल में इलाज कराने के उद्देश्य से आए थे। अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की है कि मृतकों और प्रभावितों में मध्य एशियाई तथा अन्य विदेशी नागरिक शामिल हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा”दिल्ली स्थित मालवीय नगर के होटल में आग लगने से लोगों की मृत्यु की हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवारों को इस दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”




