अमित शाह से मिले हजारीबाग सांसद, JPSC-JSSC भर्ती घोटाले की CBI जांच की मांग से अवगत कराया

0
Manish Jaiswal

नई दिल्ली। हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने सोमवार को नई दिल्ली में देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झारखंड से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष रखा और राज्य की मौजूदा परिस्थितियों पर सार्थक चर्चा की।

JPSC-JSSC भर्ती मामले की CBI जांच की मांग

सांसद मनीष जायसवाल ने JPSC और JSSC-CGL भर्ती प्रक्रिया में सीटों की खरीद-बिक्री के गंभीर आरोपों का मुद्दा उठाया। उन्होंने इन मामलों की चल रही CID जांच को लेकर उठ रहे सवालों से गृह मंत्री को अवगत कराया और पूरे प्रकरण की CBI जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।जायसवाल ने कहा कि यह मामला झारखंड के 5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के हित में मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की आवश्यकता बताई।

बिगड़ती कानून-व्यवस्था और संगठित अपराध का मुद्दा भी उठाया

मुलाकात के दौरान झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति और बढ़ते संगठित अपराध पर भी चर्चा हुई। सांसद ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में संगठित अपराध के बढ़ते प्रभाव और खनिज संपदा की बड़े पैमाने पर कथित लूट का विषय केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष रखा।इसके अलावा हजारीबाग और रामगढ़ समेत झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में फैल रहे नशे के अवैध कारोबार को लेकर भी चिंता जताई गई। सांसद ने इन गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई और राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर चर्चा की।मनीष जायसवाल ने मुलाकात को झारखंड से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को केंद्र के समक्ष मजबूती से रखने की दिशा में अहम बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवाओं, कानून-व्यवस्था और राज्य के व्यापक हित से जुड़े इन मुद्दों पर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here