गुमला, किसान मेला:कृषि विज्ञान केन्द्र, गुमला एवं विकास भारती, बिशुनपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय किसान मेला का उद्घाटन केन्द्रीय मंत्री संजय सेठ ने पद्मश्री अशोक भगत के साथ किया। किसानों की आय में वृद्धि, तिलहनी फसलों को प्रोत्साहन तथा उन्नत कृषि तकनीकों का व्यापक प्रसार करने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में हजारों की संख्या में किसान शामिल हुए। इस मेले में किसानों, वैज्ञानिकों, प्रसार कर्मियों एवं अन्य हितधारकों ने एक मंच पर आकर अपने अनुभव साझा किए और नई कृषि तकनीकों की जानकारी का आदान प्रदान किया। आज गुमला किसान मेले में किसानों से संजय सेठ ने संवाद किया।
संजय सेठ ने कहा,मजबूत किसान ही मजबूत राष्ट्र की नींव हैं। नई तकनीक के साथ सशक्त हो रहे भारतीय किसान हमारी अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ बन रहे हैं। देश में कृषि और किसान को नई दिशा देने का जो कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रारंभ किया है, आज वह जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। आधुनिक तकनीक, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को खेती से जोड़कर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।संजय सेठ ने आगे कहा,इसी क्रम में गुमला में आयोजित किसान मेला एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरा है। यह मेला किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, तिलहनी फसलों के प्रोत्साहन और नवीन तरीकों से परिचित कराने का सशक्त मंच बनेगा, इस बात का विश्वास मुझे है। तकनीक से सशक्त किसान, नवाचार से बढ़ती आय, ज्ञान से विकसित कृषि विकसित भारत का मुख्य आधार हैं।इस तरह के आयोजन न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि उन्हें नए भारत के विकास का अग्रदूत बनाने में भी सहायक होते हैं।
इस अवसर पर बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ० एस०सी० दुबे, गुमला जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती किरण बाड़ा, लातेहार जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती पूनम सिंह, लातेहार नगर पंचायत अध्यक्ष श्री महेश सिंह, गुमला नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला उरांव, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री बंशी यादव, श्री महेंद्र भगत, श्री भिखारी भगत प्रमुख रूप से मौजूद रहे।




