रांची।राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में साही निकाय की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य रिम्स में बढ़ते मरीजों की संख्या और पेशेंट फ्लो मैनेजमेंट को बेहतर बनाने पर चर्चा करना था।
बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य की जनता का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर लगातार बढ़ा है। यही कारण है कि रिम्स में अब इतिहास में पहली बार हजारों की संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी मरीज को इलाज के दौरान असुविधा न हो और सभी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
डॉ. अंसारी ने बताया कि इसी लक्ष्य के तहत रिम्स में नई तकनीकों को अपनाया जा रहा है, डॉक्टरों की बहाली की जा रही है, पैथोलॉजी लैब को सशक्त किया जा रहा है तथा मैनपावर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर उन्होंने रिम्स-2 के निर्माण को लेकर विपक्ष के नेताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा,
“स्वास्थ्य के क्षेत्र में निम्न स्तर की राजनीति अत्यंत पीड़ादायक होती है। मेरा न कोई निजी स्वार्थ है, न किसी की जमीन पर नजर और न ही कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा। मेरी केवल एक ही मंशा है कि स्वास्थ्य सेवाओं में पैसों की कमी कभी बाधा न बने।”
डॉ. अंसारी ने कहा कि वर्तमान में राज्य के कई मरीज बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हैं, जहां उन्हें भारी खर्च उठाना पड़ता है और कई बार इलाज के बावजूद जान नहीं बच पाती। उन्होंने इसे अत्यंत चिंताजनक स्थिति बताया।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य को राजनीति से ऊपर रखें और रिम्स-2 के निर्माण में सहयोग करें, ताकि लाखों लोगों की जान बचाई जा सके और राज्य की जनता को बेहतर, सुलभ और सम्मानजनक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।




