जमीन से 150 फीट ऊपर लोगों को खाना परोसने वाला झारखंड की राजधानी रांची में एक अनोखा रेस्टोरेंट है। इस रेस्टोरेंट के आकर्षण में अक्सर लोग यहाँ इसका मजा लेने जाते हैं। लेकिन आकर्षक होने के साथ ये आमजनों के लिए खतरनाक भी है। लोगों के सुरक्षा के मद्देनजर रांची प्रशासन द्वारा रांची के कांके-ओरमांझी रोड के बोड़ेया स्थित 8th Milestone में संचालित ऑन एयर रेस्टोरेंट के संचालन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। इसी के साथ रेस्टोरेंट के मालिक और मैनेजर को नोटिस भी जारी कर दिया गया है।
यहाँ ग्राहकों को क्रेन की मदद से लगभग 150 फीट ऊपर उठाकर मंच पर भोजन और पेय पदार्थ परोसा जाता है। इससे संबंधित कई वीडियो एवं फोटोग्राफ्स सोशल मीडिया पर हैं, जिसे देखने से ऐसा लगता है कि यह नागरिकों के जीवन और सुरक्षा के लिए काफी खतरनाक है। इसी के चलते हुए रांची सदर के अनुमंडल दंडाधिकारी ने दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 133 सहपठित धारा 142 के तहत इस रेस्टोरेंट के संचालन पर अगले आदेश या मामले के निस्तारण तक बैन कर दिया है। एसडीएम की तरफ से कहना है कि- रेस्टोरेंट के संचालन के लिए जरुरी सुरक्षा मानकों के पालन से संबंधित कोई दस्तावेज अनुमंडल दंडाधिकारी के कार्यालय में संचालकों द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया है। आवश्यक सुरक्षा क्लियरेंस से संबंधित दस्तावेजों के अभाव में नागरिकों के जीवन और सुरक्षा के लिए खतरे को देखते हुए रेस्टोरेंट के संचालन पर बैन लगाया गया है। रांची के एसडीएम ने रेस्टेरेंट के मालिक और प्रबंधक को पेश होकर अनुमंडल दंडाधिकारी सदर रांची के न्यायालय में अपना पक्ष रखने का आदेश जारी किया है। एसडीएम द्वारा रेस्टोरेंट संचालक से सुरक्षा मानदंडों से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं।



