गिरिडीह के डुमरी में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो की निर्मम ह*त्या से सनसनी फैल गई है। उनका अधजला शव झारखंड कॉलेज डुमरी के पास सड़क किनारे बरामद हुआ।20 फरवरी की सुबह घर से निकले राकेश महतो देर शाम तक वापस नहीं लौटे थे। खोजबीन के बाद अगली सुबह उनका शव मिला। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।आक्रोशित लोगों ने डुमरी मुख्य सड़क जाम कर दी। मौके पर पहुंचे SDPO सुमित कुमार ने समझाकर जाम हटवाया। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। FSL और डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया है। ग्रामीण हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
रांची में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने गिरिडीह के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस जघन्य घटना में शामिल अपराधी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत में मंत्री ने बताया कि राकेश महतो एक सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता थे और बीती रात उन्हें घर से बुलाकर हत्या की गई। पुलिस ने उनका अधजला शव और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।मंत्री के अनुसार, राकेश महतो का मोबाइल रात 12 बजे तक चालू था और अंतिम कॉल के आधार पर भी जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस 24 घंटे के भीतर अपराधियों तक पहुंच जाएगी।




