रांची: झारखंड में आगामी नगर निकाय चुनाव के लिए आज शाम 5 बजे प्रचार का शोर थम गया है। राज्य के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी सोमवार को मतदान होना है। झारखंड के सभी 48 नगर निकायों में चुनाव एक ही चरण में आयोजित किए जा रहे हैं। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से होगा। राजधानी रांची में मतदान का समय सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक है, रांची नगर निगम के 53 वार्डों में कुल 909 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।मतगणना और परिणाम 27 फरवरी 2026 को होना है.
चुनाव भले ही गैर-दलीय आधार पर हो रहे हों, लेकिन सभी प्रमुख दलों ने समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में पूरी ताकत झोंक दी है। अब मतदान से पहले ‘साइलेंट पीरियड’ में प्रचार सीमित रहेगा।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीत का दावा किया है। पार्टी नेता शिवपूजन पाठक ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष ने गैर-दलीय चुनाव में भी सक्रिय हस्तक्षेप किया है। उनका कहना है कि जनता भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जिताने के लिए तैयार है और 48 में अधिकांश सीटों पर जीत मिलेगी।भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता कुमार जयमंगल ने महागठबंधन में किसी तरह के बिखराव से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव संगठन को मजबूत करने का अवसर है और पिछली बार की तरह इस बार भी अच्छा प्रदर्शन होगा।झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य भाजपा को हराना है। उन्होंने संकेत दिया कि जहां जो दल मजबूत होगा, वहां सहयोग की रणनीति अपनाई जाएगी।अब सभी की नजरें 23 फरवरी के मतदान और उसके नतीजों पर टिकी हैं।




