रांची: झारखंड के कई इलाकों में भले ही गर्मी ने लोगों को परेशान किया हो लेकिन उपराजधानी दुमका में बुधवार को झमाझम बारिश हुई जिसके साथ-साथ ओलावृष्टि भी हुई जिससे इस क्षेत्र के लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है.मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था कि पाकुड़, दुमका, गोड्डा जैसे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. संथाल में बारिश ने भले ही राहत दी हो लेकिन झारखंड में मानसून के दस्तक देने में अभी वक्त लगेगा।सामान्य समय जून के दूसरे सप्ताह (जून 14-15) के आसपास होता है लेकिन इस बार मानसून के केरल में 4 जून के आसपास आने की उम्मीद है यानी झारखंड में मानसून जून के तीसरे सप्ताह (20 जून के आसपास) में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने इस साल सामान्य से पांच फीसदी कम बारिश का अनुमान जताया है। झारखंड में आमतौर पर मानसून के दौरान लगभग 1022 मिमी बारिश होती है। मानसून की शुरुआत आमतौर पर देरी से या लगभग सात दिन पहले होती है। मानसून पिछले साल 29 मई को केरल पहुंचा था।उधर, राज्य की राजधानी रांची में भी शाम को हवा के साथ हल्की बारिश हुई। दिन की शुरुआत तेज गर्मी और उमस के साथ हुई थी, लेकिन मौसम में बदलाव से रांची के लोगों को काफी राहत मिली.



