रांची : उपायुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में तकनीकी एवं सिविल वर्क से संबंधित समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त दिनेश यादव, निदेशक डीआरडीए रामवृक्ष महतो, जिला योजना अधिकारी विनय कुमार, प्रभारी अधिकारी जिला विकास शाखा, कार्यपालन यंत्री एनआरईपी-1 व 2, जिला अभियंता सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.बैठक में उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, भवन प्रमंडल, जिला परिषद, सिंचाई, सड़क, बिजली, विशेष प्रमंडल आदि द्वारा जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये. आयुक्त ने पेयजल आपूर्ति विभाग के कार्यपालक अभियंता से वर्तमान में पेयजल आपूर्ति में आ रही समस्या के संबंध में जानकारी ली.
कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया कि अपर्याप्त एवं अनियमित विद्युत आपूर्ति के कारण पूर्ण क्षमता से जलापूर्ति नहीं हो पा रही है. उपायुक्त द्वारा बिजली आपूर्ति में आ रही समस्याओं से अवगत होते हुए बिजली की नियमित आपूर्ति के लिए संबंधित अधिकारी को विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक में उनके द्वारा संबंधित अधिकारियों को अविलंब इन हैंडपंपों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम लोगों को गर्मी के दिनों में पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े.उन्होंने जिले में क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपों की मरम्मत के लिए अविलंब माइक्रो प्लान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. उन्होंने पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के निदान के लिए पेयजल स्वच्छता विभाग को कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही कंट्रोल रूम का दौरा करेंगे। जो योजनाएं क्रियान्वयन के स्तर पर हैं, उन्हें उपायुक्त ने नियमानुसार त्वरित गति से स्वीकृत कर क्रियान्वित करने का निर्देश दिया।
बैठक में पथ निर्माण विभाग द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बन रहे महत्वपूर्ण परियोजनाओं जैसे सड़क, सड़क चौड़ीकरण, फ्लाई ओवर निर्माण आदि की कार्य प्रगति की समीक्षा उपायुक्त ने की. उन्होंने भूमि अधिग्रहण, विभिन्न विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने, इन सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए वन स्वीकृति जैसी आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी ली।परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के संबंध में उपायुक्त ने सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उपायुक्त द्वारा पथ निर्माण विभाग के साथ-साथ उपस्थित सभी विभागाध्यक्षों को योजना के क्रियान्वयन के लिए अधिग्रहीत भूखंड का अधिग्रहण-खारिज करवाने के निर्देश दिए गए.साथ ही निर्देश दिया कि तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति के बाद योजनाओं का क्रियान्वयन अविलंब नियमानुसार सुनिश्चित किया जाये. उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को योजनाओं के शिलान्यास के लिए जारी प्रोटोकॉल के अनुसार जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनके नाम पट्टिका में दर्ज कराने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी पूरी लगन से कार्य करते हुए लक्ष्य प्राप्ति पर ध्यान दें।



