दुनिया के विकासशील एवं विकसित देशों के संगठन जी-20 की बैठक दो मार्च को राँची के पाँच सितारा होटल रेडिशन ब्लू में होगी। इस बैठक में जी-20 देशों के 60 प्रतिनिधि भाग लेंगे।इस दौरान, जेएससीए प्रबंधन को भी स्टेडियम में स्थित कमरे खाली रखने का निर्देश दिया गया है।इस दौरान आम लोगों के लिए जरूरत के अनुसार कुछ समय तक ट्रैफिक व्यवस्था रोक दी जायेगी। वहीं, डेलीगेट की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट से होटल पहुंचने तक सड़क के किनारे, ऊंचे भवनों पर शस्त्रधारी पुलिस बल तैनात रहेगी। हर चौक-चौराहे पर भी ट्रैफिक पुलिस की तैनाती रहेगी। सभी डेलीगेट को हाई सिक्योरिटी में एयरपोर्ट से होटल तक पहुंचाया जायेगा. होटल के अंदर और बाहर व्यापक सुरक्षा इंतजाम होंगे। बता दें कि तीन मार्च को जी-20 देशों के डेलीगेट पतरातू लेक का भ्रमण भी करेंगे। इसको लेकर डेलीगेट के रहने वाले होटल से लेकर कांके रोड, पिठोरिया होते हुए पतरातू लेक तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। वहीं, पतरातू लेक में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा के कारण पतरातू लेक में 22 फरवरी से आमलोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है. इस दौरान इसका मेंटेनेंस किया जायेगा। 22 फरवरी से दो मार्च तक पतरातू लेक रिसॉर्ट की सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और साज-सज्जा की जायेगी। इसको लेकर आदेश पर्यटन विभाग ने लेक रिसोर्ट प्रबंधन को बंद रखने का दिया है। सरोवर विहार (गेस्ट हाउस) भी बंद रहेगा।



