राजधानी में महिलाओं के लिए नगर निगम ने अच्छी शुरुआत की है। महिलाओं को सुरक्षित यातायात मुहैया कराने के लिए रांची नगर निगम की तरफ से पिंक सिटी बस सेवा प्रारंभ की गई है। आज इस नई सेवा का उद्घाटन मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय और नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने किया। इस सेवा के लिए दो बसों का संचालन किया जाएगा। यह बस सेवा महिलाओं के लिए आरक्षित होगी। कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक इसका संचालन किया जाएगा।
आने वाले दिनों में कांटा टोली, हिनू चौक से लेकर लालपुर तक इस बस सेवा को बढ़ाया जाएगा। वर्तमान में कचहरी चौक से राजेंद्र चौक के बीच 18 सिटी बसों का संचालन हो रहा था। इसमें 2 नई बसें जोड़ी गई हैं। अब इनकी संख्या 20 हो गई है। पिंक सिटी बस में कंडक्टर से लेकर खलासी तक की भूमिका में महिलाएं होंगी। यह सभी पिंक पोशाक में होंगी। कचहरी से राजेंद्र चौक का भाड़ा 5 रुपये निर्धारित किया गया है। इस बस सेवा से शहर की महिलाओं को काफी सहुलियत होगी।



