रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में आज (रविवार, 29 नवंबर 2026) तड़के करीब 2 बजे रांची-पटना नेशनल हाईवे (NH-33) पर एक भीषण सड़क हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।यह दुर्घटना कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी गांव (भाजपा कार्यालय के पास) हुई। श्रद्धालुओं से भरी एक स्कॉर्पियो (SUV) की किसी अज्ञात भारी वाहन/ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मामले पर झारखण्ड सीएम हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया है.सीएम हेमंत सोरेन ने कहा, रामगढ़ में पैंकी गांव के पास NH-33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं। मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति दें।दुर्घटना में घायल व्यक्ति का समुचित उपचार कराया जा रहा है। इसके आलावा आज राँची महानगर के धुर्वा स्थित मयूरवान बैंक्वेट, सैम्बो बालालोंग में ‘मन की बात’ के बाद उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने रामगढ़ की हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए 13 लोगों के निधन पर 2 मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।




