रांची : लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर झारखंड सरकार ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पूरे राज्य में छठ घाटों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी तैयारियां समय रहते धरातल पर पूरी होनी चाहिए।
इसी क्रम में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आज जामताड़ा जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के आवागमन और स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा शुरू होने से पहले सभी घाटों पर जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, सामाजिक एकता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है। यह दुनिया का एक अनूठा पर्व है, जिसमें हम डूबते और उगते दोनों सूर्य को समान श्रद्धा के साथ अर्घ्य अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा, “छठ मैया के प्रति मेरी गहरी आस्था है। मेरी हार्दिक इच्छा है कि झारखंड का प्रत्येक श्रद्धालु पूरे उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ यह महापर्व मनाए तथा पूजा-अर्चना के बाद सुरक्षित अपने घर लौटे। श्रद्धालुओं की जान की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।”
राज्यव्यापी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों को अपने-अपने क्षेत्र के सभी तालाबों, नदियों, डैम और छठ घाटों का स्वयं निरीक्षण करने तथा संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर विशेष सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जिन घाटों पर पानी की गहराई अधिक है अथवा डूबने की आशंका बनी रहती है, वहां आवश्यकता के अनुरूप NDRF की टीम, स्थानीय गोताखोरों और प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती की जाए। सभी प्रमुख एवं संवेदनशील घाटों पर पर्याप्त रोशनी, मजबूत बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा और खतरे से संबंधित चेतावनी संकेत लगाए जाएं। भीड़भाड़ वाले घाटों पर पुलिस बल एवं स्थानीय प्रशासन की विशेष निगरानी रहे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। इसके साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए रेस्क्यू टीमों को पूरी तरह तैयार और अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया है।
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी मंत्री ने विशेष गंभीरता दिखाई है। उन्होंने राज्य के सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिया है कि छठ महापर्व के दौरान चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। आवश्यकतानुसार चिकित्सकों की छुट्टियों की समीक्षा कर उनकी ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। जो चिकित्सक पहले से अवकाश पर हैं, उनके स्थान पर वैकल्पिक चिकित्सकों की व्यवस्था करते हुए रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगाई जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों। सभी जिलों में पर्याप्त मेडिकल टीम, आवश्यक दवाइयां, प्राथमिक उपचार की सुविधाएं और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। मंत्री ने निर्देश दिया कि घाटों पर किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल टीम बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित श्रद्धालुओं को तत्काल समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए।
डॉ. अंसारी ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि छठ महापर्व की तैयारियां केवल सरकारी फाइलों और बैठकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हर घाट पर व्यवस्था स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। उपायुक्त, सिविल सर्जन, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से काम करें। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी भी तरह की असुविधा या असुरक्षा का सामना न करना पड़े।
मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री के रूप में राज्य के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। छठ जैसे विशाल जनभागीदारी वाले महापर्व में प्रशासन की सतर्कता, तत्परता और जवाबदेही बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या जिम्मेदारी से बचने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। हर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाए।
अंत में डॉ. इरफान अंसारी ने राज्यवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता केवल आयोजन की व्यवस्था करना नहीं, बल्कि प्रत्येक व्रती और श्रद्धालु की जिंदगी की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। छठी मैया की कृपा से सभी श्रद्धालुओं का व्रत और पूजन निर्विघ्न संपन्न हो, हर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आए तथा झारखंड में छठ महापर्व पूरी श्रद्धा, उल्लास और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो।




