रांची के डोरण्डा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक दत्तक पुत्री ने अपने प्रेमी और उसके दोस्तों के साथ मिलकर अपनी मां की हत्या कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को नाहिद परवीन की मौत बाथरूम में गिरने से होने की बात सामने आई थी। शव को बिना किसी संदेह के दफना भी दिया गया। लेकिन अंतिम संस्कार से पहले जब शव को नहलाया जा रहा था, तब गर्दन और अन्य जगहों पर चोट के निशान दिखाई दिए, जिससे शक पैदा हुआ।
बाद में जब मृतिका की दत्तक पुत्री से पूछताछ की गई, तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद मृतिका के देवर मो. हलीम ने डोरण्डा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम में हुआ हत्या का खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालकर मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई।
हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि नाहिद परवीन एक पेंशनभोगी विधवा थीं और उनके खाते में पीएफ का पैसा भी था। उन्होंने करीब 15 साल पहले एक बच्ची को गोद लिया था।
दत्तक पुत्री अपने प्रेमी अरबाज खान पर काफी पैसे खर्च करती थी और उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन नाहिद परवीन इसका विरोध कर रही थीं। इसी वजह से 24 अप्रैल को बेटी ने अपने प्रेमी अरबाज खान, उसके दोस्त समीर खान और अन्य साथियों के साथ मिलकर तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए घर की सफाई कर दी गई और घटना को बाथरूम में गिरने का रूप देने की कोशिश की गई।
गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है:
- दत्तक पुत्री (नाबालिग)
- अरबाज खान (20 वर्ष)
- समीर खान (20 वर्ष)
दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना बेडशीट और तकिए का कवर बरामद किया है।




