रांची: राजधानी के डोरंडा थाना क्षेत्र में हिट एंड रन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित नवाज़ खान ने आरोप लगाया कि बाइक में टक्कर के बाद कार चालक ने उसे कई किलोमीटर तक कार के बोनट पर लटकाए रखा और अपार्टमेंट तक ले गया, जहां उसके साथ मारपीट भी की गई।मामले की जानकारी मिलने पर झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ने कानून के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले में पुलिस ने अधिवक्ता को हिरासत में लिया तो शहर के वकील काफी संख्या में डोरंडा थाना पहुंच गए और वहां जमकर प्रदर्शन किया.
मोटरसाइकिल चलाने वाले पीड़ित नवाज़ खान के अनुसार, छोटे भाई को स्कूल छोड़कर लौटते समय डोरंडा की ओर जा रहा था तभी एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। नुकसान की भरपाई मांगने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कार चालक ने भागने की कोशिश में गाड़ी तेज कर दी, जिससे मवाज बोनट पर जा गिरे और कई किलोमीटर तक उसी हालत में लटके रहे। अपार्टमेंट पहुंचने के बाद चालक और अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट भी की।घटना का वीडियो भी सामने आया है। कार सवार की पहचान झारखंड हाईकोर्ट के सीनियर अधिवक्ता मनोज टंडन के रूप में हुई. पुलिस ने कार जब्त कर ली है पीड़ित परिवार ने सख्त कार्रवाई की मांग की है और मामले को धार्मिक रंग न देने की अपील की है।
मोटरसाइकिल सवार की माँ का कहना है, “मेरा बेटा, नवाज़ खान, जो TCS में काम करता है, अपने भाई को अपनी मोटरसाइकिल पर बोर्ड एग्जाम सेंटर ले गया था। लौटते समय, मनोज टंडन नाम के एक वकील की कार मेरे बेटे की मोटरसाइकिल से टकरा गई, जिससे मोटरसाइकिल डैमेज हो गई। मेरे बेटे ने वकील की कार से मोटरसाइकिल को हुए डैमेज के लिए हर्जाना माँगा। दोनों के बीच बहस के दौरान, मेरे बेटे ने कार का बोनट पकड़ लिया। इस पर, मनोज टंडन ने मेरे बेटे को अपनी कार से घसीटा। वह मेरे बेटे को अपने फ्लैट पर ले गया, जहाँ कई लोगों ने उसकी पिटाई की। हमें इंसाफ़ चाहिए। मैंने पुलिस केस दर्ज करा दिया है।”




