नई दिल्ली: शादी से पहले पार्टनर और उसके परिवार के बारे में पर्याप्त जानकारी होना आवश्यक है, वरना ठगी का शिकार हो सकते हैं। झारखंड के चतरा में एक ऐसा मामला सामने आया है जिससे सबक लेने की जरूरत है। झारखंड के इटखोरी की रहने वाली प्रियंका कुमारी पर एक मेट्रमोनियल वेबसाइट के जरिए शादी कर तीन युवकों से ठगी और विदेश भागने का आरोप है।
शातिर प्रियंका ने अलग-अलग राज्यों के युवकों को अपना शिकार बनाया और लाखों रुपये ठगकर फरार हो गई। प्रियंका शादी डॉट कॉम से सबसे पहले गिरिडीह के निलय कुमार नाम के युवक के साथ संपर्क में आई और उसके साथ रांची में शादी की। दो साल बाद निलय और प्रियंका के बीच अनबन होने लगी। इस बीच प्रियंका ने निलय से एक करोड़ रुपये ठग लिए और गायब हो गई।
कुछ दिन बाद फिर से शादी डॉट कॉम पर प्रियंका ने खुद को अविवाहित बताते हुए गुजरात के राजकोट में अमित मोदी नाम के युवक को फंसाया और शादी कर उसके साथ रहने लगी। यहां शातिर प्रियंका ने परिवार के आर्थिक तंगी का हवाला देकर करीब 40 से 45 लाख रुपये ले लिए।